पंजाब न्यूज़लाइन, शिमला, 25 अगस्त- राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला और मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री शुक्ला ने कहा कि जन्माष्टमी हिन्दुओं के लिए एक पवित्र अवसर है, जिसे पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण की शिक्षाएं और दर्शन वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अधिक प्रासंगिक हैं और हमें सफल जीवन जीने के लिए उनका अनुसरण करना चाहिए। इस अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भगवद् गीता में निहित भगवान कृष्ण के दर्शन ने पूरे विश्व का ध्यान आकर्षित किया है, जो जीवन ज्ञान का सुंदर रहस्योद्घाटन है और यह दर्शन मानवता का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि गीता वस्तुतः हिन्दू धर्मग्रंथों और धार्मिक दर्शन का सार है।